Home Sliderदेशनई दिल्ली

सावन के तीसरे सोमवार को मंदिरों में उमड़े भक्त, गूंजे बम भोले के जयकारे

लखनऊ, 24 जुलाई : सावन मास में वैसे तो हर दिन ही शिव भक्तों के लिए अहम होता है, लेकिन सोमवार के दिन शिव की भक्ति में आस्था रखने वाले लोगों में उत्साह दुगुना हो जाता है। इसका प्राचीन काल से ही सावन के सोमवार को भगवान शंकर को जलाभिषेक करने का प्रचलन चला आ रहा है। इसी के तहत सावन मास के तीसरे सोमवार पर राजधानी के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का हुजूम उमड़ा हुआ है। दूध, बेल-पत्र, धतूरा लिए भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए सुबह चार बजे से ही मंदिरों के बाहर भक्तों की कतारें लग गई हैं। अपने आराध्य देव भोलेनाथ को भक्त तरह-तरह से प्रसन्न करते नजर आ रहे हैं। कोई धूप अगरबत्ती जलाकर तो कोई शिवलिंग को दूध से नहला रहा है। सभी प्रमुख शिव मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

लखनऊ के शिव मंदिरों में सावन के तीसरे सोमवार को धूमधाम से मनाने के लिए जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की जा रही है। राजधानी का प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में भोलेनाथ का विशेष श्रंगार किया गया है। मंदिर की महंत देव्या गिरि ने बताया कि अमरनाथ यात्रा में शहीद श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए पूजा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेरे फेसबुक पर शाम की लाइव आरती साझा की जाएगी। महंत ने बताया कि जो भक्त 40 दिन तक मन्दिर आकर भोलेनाथ की पूजा अर्चना करता है, उसकी कामनाएं अवश्य पूरी होती हैं। मन्नतें पूरी होने पर भक्त मन्दिर में घंटा टांगते हैं।

राजेंद्रनगर के महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शहर के अमन और शांति के लिए प्रार्थना की गई। पूजन संयोजक अतुल मिश्र ने बताया कि आरती उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर हुई। ठाकुरगंज के मां पूर्वी देवी एवं महाकालेश्वर मंदिर बाघंबरी सिद्धपीठ में दुग्ध की धारा से महादेव का अभिषेक हुआ। चौक के कोनेश्वर मंदिर में पुष्प वर्षा के साथ महादेव का भव्य अभिषेक किया गया। ठाकुरगंज के गिरी मंदिर में भक्तों का तांता सुबह से ही लगा हुआ है। सुबह करीब चार बजे से ही मंदिरों में भगवान शिव भोले के जयकारे व भजन सुनाई देने लगे थे। मंदिर पहुंचे भक्त दूध, दही, शहद व फल के साथ जलाभिषेक कर रहे हैं।

इसके अलावा राजधानी के एक मात्र द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम में भक्त 12 ज्योतिर्लिंग का एक साथ एक स्थान पर पूजा कर रहे हैं। यहां पूरे सावन प्रतिदिन बारह ज्योर्तिलिंग का एक साथ अभिषेक किया जाएगा। चौक कल्याण गिरी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी है। इसके अतिरिक्त चौपटिया स्थित प्राचीन बड़ा शिवाला सहित अन्य शिव मंदिरों में भी सुबह से ही भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए भक्त कतार में लगे हैं। नादान महल रोड स्थित सिद्धनाथ मन्दिर में 50 लीटर दूध से भोलेनाथ का अभिषेक हुआ। 

Related Articles

Back to top button
Close