उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

उप्र निकाय चुनाव के लिए मतगणना प्रारम्भ, शुरुआती रुझान में भाजपा सबसे आगे

लखनऊ, 01 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार को समूचे प्रदेश में एक साथ मतों की गिनती प्रारम्भ हो गयी है। शुरुआती रुझान में भाजपा नगर निगमों में महापौर के पद पर सबसे आगे चल रही है।

प्रदेश के 16 नगर निगमों के लिए मतगणना स्थलों से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ, वाराणसी और इलाहाबाद समेत 12 महापौर के पदों पर भाजपा आगे चल रही है। वहीं बसपा झांसी समेत तीन सीटों पर आगे है।

कुल 652 निकायों के मतों की गणना के लिए प्रदेश भर में 334 मतगणना स्थल स्थापित किये गये हैं। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। 
निर्वाचन आयोग ने मतगणना के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रदेश के सभी जिलों में गुरुवार मध्यरात्रि से शुक्रवार की मध्यरात्रि तक पूर्ण शराब बन्दी के आदेश दिये हैं। आयोग ने मतगणना के संबंध में सभी जिलाधिकारियों और जिला पुलिस प्रमुखों को आज आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए। 

राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल के अनुसार सभी परिणाम शाम साढ़े पांच बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान तथा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। 
उन्होंने बताया कि सभी 652 निकायों के लिए मतों की गणना हेतु प्रदेश भर में 334 मतगणना स्थल स्थापित किए गए हैं। मतगणना के लिए कुल 11,200 मेजें लगाई गयी हैं। 

नगर निगमों के महापौर और पार्षद पद के प्रत्याशियों के चुनाव के लिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से वोट डाले गये हैं। इन मतों की गणना के लिए प्रत्येक मतगणना मेज पर 1़3 कर्मियों का दल लगे हैं जबकि बैलेट पेपर से जहां वोट पड़े हैं, वहां के मतों की गणना के लिए हर मेज पर 1़4 कर्मियों का दल उपस्थित हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि सभी निकायों के दोनों पदों (चेयरमैन व सदस्य) की गणना अलग-अलग मेजों पर एक साथ हो रही है। मतगणना में कुल 56,000 कर्मचारी नियुक्त किए गये हैं। इसके अलावा मतगणना की निगरानी हेतु मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे तथा वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

मतगणना परिणाम घोषित होते ही संबंधित निर्वाचन अधिकारी द्वारा परिणाम को आयोग की वेबसाइट पर ससमय फीड किया जाएगा तथा प्रमाण पत्र भी आनलाइन तैयार किया जाएगा। प्रमाण पत्र को हस्ताक्षरित कर उसकी मूल प्रति विजयी प्रत्याशी को दी जाएगी एवं उसी प्रमाण पत्र की स्कैन्ड कापी सर्वर पर अपलोड कर दी जाएगी जिसे प्रत्याशी आवश्यकतानुसार डाउनलोड कर सकता है। 

श्री अग्रवाल के अनुसार सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन परिणाम एसएमएस के माध्यम से भी प्रेषित किए जाएंगे तथा उस निकाय के वे मतदाता जिन्होंने अपना मोबाइल नम्बर आयोग के डेटाबेस में दर्ज करा रखा है उन्हें भी एसएमएस के माध्यम से परिणाम भेजे जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
Close