खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बों को हटाने का कार्य जारी, डाउन सेवा बंद

मुंबई, 08 सितम्बर : मुंबई-पुणे रेलवे मार्ग पर खंडाला के समीप मंकी हिल परिसर में मालगाड़ी के जो 6 डिब्बे पटरी से उतर गए थे, उनको हटाने का काम जारी है। मुंबई से पुणे की ओर जाने वाली ट्रेनें देरी से चल रही हैं तो डाउन लाइन बंद है| उसके शाम तक शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि गुरुवार को मुंबई-पुणे रेलवे मार्ग पर खंडाला के समीप मंकी हिल परिसर में मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए थे| इसके चलते रेलवे सेवा ठप पड़ गई| इसके बाद डिब्बों को हटाने का काम शुरू हुआ। डिब्बों को पटरी पर से हटाने का काम आज भी जारी है। हालांकि मुंबई से उद्यान एक्सप्रेस को दुर्घटना के बाद पहली रेल सेवा के रूप में छोड़ा गया है, जो बेंगलुरु तक जाएगी। मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। अप मार्ग को किसी तरह शुरू कर दिया गया है, पर डाउन मार्ग बंद है।

उल्लेखनीय है कि मंकी हिल घाटी क्षेत्र है| इसलिए यहां पर डिब्बों को हटाने में मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस, पुणे-मुंबई डेक्कन क्वीन, सहयाद्री एक्सप्रेस और प्रगति एक्सप्रेस गाड़ियों के रद्द हो जाने से मुंबई, पुणे और कोल्हापुर के यात्रियों का बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button
Close