खबरेस्पोर्ट्स

भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराया

नई दिल्ली, 20 जनवरी (हि.स.) । चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट में भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने शनिवार को मेजबान न्यूजीलैंड को 3-1 से शिकस्त दी। भारतीय टीम को पिछले मैच में बेल्जियम के हाथों 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था।

भारतीय टीम के लिए हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और मनदीप सिंह ने 1-1 गोल किया। वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से केन रसेल ने एकमात्र गोल किया। 

भारतीय टीम ने इस मैच में आक्रामक शुरूआत की। मैच के दूसरे मिनट में ही भारत को पेनल्टीकार्नर मिला और इसे गोल में बदलकर हरमनप्रीत ने भारत को 1-0 से आगे कर दिया। मैच के 21वें मिनट में दिलप्रीत ने शानदार मैदानी गोल कर भारतीय टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हॉफ टाइम की समाप्ति पर भारतीय टीम 2-0 से आगे रही।

दूसरे हॉफ के 12वें और मैच के 42वें मिनट में न्यूजीलैंड को पेनल्टीकार्नर मिला,जिसे गोल में बदलकर केन रसेल ने न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई औऱ स्कोर 2-1 हो गया। इस गोल के 5 मिनट बाद ही 47वें मिनट में मनदीप ने मैदानी गोल कर भारत को 3-1 से जीत दिला दी। भारतीय टीम रविवार को बेल्जियम के खिलाफ खेलेगी। 

Related Articles

Back to top button
Close